ईश्वर की पूजा
मन को वश करके प्रभु चरणों में
लगाना बड़ा ही कठिन है। शुरुआत में तो यह इसके लिये तैयार ही नहीं होता है। लेकिन इसे मनाए कैसे? एक
शिष्य थे किन्तु उनका मन किसी भी भगवान की साधना में नहीं लगता था और साधना करने
की इच्छा भी मन में थी।
वे गुरु के पास गये और कहा कि
गुरुदेव साधना में मन लगता नहीं और साधना करने का मन होता है। कोई ऐसी साधना बताए
जो मन भी लगे और साधना भी हो जाये। गुरु ने कहा तुम कल आना। दूसरे दिन वह गुरु के
पास पहुँचा तो गुरु ने कहा सामने रास्ते में कुत्ते के छोटे बच्चे हैं उसमें से दो
बच्चे उठा ले आओ और उनकी हफ्ताभर देखभाल करो।
गुरु के इस अजीब आदेश सुनकर वह भक्त
चकरा गया लेकिन क्या करें, गुरु का आदेश जो था। उसने 2 पिल्लों को पकड़
कर लाया लेकिन जैसे ही छोड़ा वे भाग गये। उसने फिर से पकड़ लाया लेकिन वे फिर
भागे।
अब उसने उन्हें पकड़ लिया और दूध
रोटी खिलायी। अब वे पिल्ले उसके पास रमने लगे। हफ़्ता भर उन पिल्लों की ऐसी सेवा
यत्न पूर्वक की कि अब वे उसका साथ छोड़ नहीं रहे थे। वह जहां भी जाता पिल्ले उसके
पीछे-पीछे भागते, यह देख
गुरु ने दुसरा आदेश दिया कि इन पिल्लों को भगा दो।
भक्त के लाख प्रयास के बाद भी वह
पिल्ले नहीं भागे तब गुरु ने कहा देखो बेटा शुरुआत में यह बच्चे तुम्हारे पास
रुकते नहीं थे लेकिन जैसे ही तुमने उनके पास ज्यादा समय बिताया ये तुम्हारे बिना
रहने को तैयार नहीं है।
ठीक इसी प्रकार खुद जितना ज्यादा
वक्त भगवान के पास बैठोगे, मन धीरे-धीरे भगवान की सुगन्ध, आनन्द से उनमें रमता जायेगा। हम अकसर चलती-फिरती पूजा करते है तो भगवान
में मन कैसे लगेगा?
जितनी ज्यादा देर ईश्वर के पास
बैठोगे उतना ही मन ईश्वर रस का मधुपान करेगा और एक दिन ऐसा आएगा कि उनके बिना आप
रह नहीं पाओगे। शिष्य को अपने मन को वश में करने का मर्म समझ में आ गया और वह गुरु
आज्ञा से भजन सुमिरन करने चल दिया।
बिन गुरु ज्ञान कहां से पाऊं।।।
सदैव प्रसन्न रहिये।
जो प्राप्त है, पर्याप्त
है।।
कर्म फल
पुराने समय में एक राजा था। वह अकसर
अपने दरबारियों और मंत्रियों की परीक्षा लेता रहता था। एक दिन राजा ने अपने तीन
मंत्रियों को दरबार में बुलाया और तीनों को आदेश दिया कि एक - एक थैला लेकर बगीचे
में जायें और वहाँ से अच्छे - अच्छे फल तोड़ कर लायें। तीनों मंत्री एक - एक थैला
लेकर अलग - अलग बाग़ में गए। बाग़ में जाकर एक मंत्री ने सोचा कि राजा के लिए अच्छे -
अच्छे फल तोड़ कर ले जाता हूँ ताकि राजा को पसंद आये। उसने चुन - चुन कर अच्छे - अच्छे
फलों को अपने थैले में भर लिया। दूसरे मंत्री ने सोचा “कि राजा को कौन सा फल खाने
है?”
वो तो फलों को देखेगा भी नहीं। ऐसा सोचकर उसने अच्छे बुरे जो भी फल
थे, जल्दी - जल्दी इकठ्ठा करके अपना थैला भर लिया। तीसरे
मंत्री ने सोचा कि समय क्यों बर्बाद किया जाये, राजा तो मेरा
भरा हुआ थैला ही देखेंगें। ऐसा सोचकर उसने घास फूस से अपने थैले को भर लिया। अपना -
अपना थैला लेकर तीनों मंत्री राजा के पास लौटे। राजा ने बिना देखे ही अपने सैनिकों
को उन तीनों मंत्रियों को एक महीने के लिए जेल में बंद करने का आदेश दे दिया और
कहा कि इन्हें खाने के लिए कुछ नहीं दिया जाये। ये अपने फल खाकर ही अपना गुजारा
करेंगे।
अब जेल में तीनों मंत्रियों के पास
अपने - अपने थैलो के अलावा और कुछ नहीं था। जिस मंत्री ने अच्छे - अच्छे फल चुने
थे, वो बड़े आराम से फल खाता रहा और उसने बड़ी आसानी से एक महीना फलों के सहारे
गुजार दिया। जिस मंत्री ने अच्छे बुरे गले सड़े फल चुने थे वो कुछ दिन तो आराम से
अच्छे फल खाता रहा लेकिन उसके बाद सड़े गले फल खाने की वजह से वो बीमार हो गया। उसे
बहुत परेशानी उठानी पड़ी और बड़ी मुश्किल से उसका एक महीना गुजरा। लेकिन जिस मंत्री
ने घास फूस से अपना थैला भरा था वो कुछ दिनों में ही भूख से मर गया।
दोस्तों ये तो एक कहानी है। लेकिन
इस कहानी से हमें बहुत अच्छी सीख मिलती है कि हम जैसा करते हैं, हमें
उसका वैसा ही फल मिलता है। ये भी सच है कि हमें अपने कर्मों का फल ज़रूर मिलता है।
इस जन्म में नहीं, तो अगले जन्म में हमें अपने कर्मों का फल
भोगना ही पड़ता है। एक बहुत अच्छी कहावत हैं कि जो जैसा बोता हैं वो वैसा ही काटता
है। अगर हमने बबूल का पेड़ बोया है तो हम आम नहीं खा सकते। हमें सिर्फ कांटे ही
मिलेंगे।
मतलब कि अगर हमने कोई गलत काम किया
है या किसी को दुःख पहुँचाया है या किसी को धोखा दिया है या किसी के साथ बुरा किया
है, तो हम कभी भी खुश नहीं रह सकते। कभी भी सुख से, चैन
से नहीं रह सकते। हमेशा किसी ना किसी मुश्किल परेशानी से घिरे रहेंगे।
0 Comments