Ad Code

रेनु आर्या

आज बात की जाएगी सलमान की पहली हीरोइन के बारे में। सलमान खान के करियर की सबसे पहली फिल्म थी "बीवी हो तो ऐसी।" वैसे तो ये फिल्म मुख्य रूप से रेखा की फिल्म थी और सलमान इस फिल्म में एक असिस्टेंट कलाकार के तौर पर नज़र आए थे। इसी फिल्म में सलमान के अपोज़िट एक लड़की भी दिखी थी। फिल्म में वो लड़की सलमान की गर्लफ्रेंड बनी थी। उस लड़की का नाम था रेनू आर्या। फिल्म के एक सीन में रेनू आर्या सलमान को बचाने के लिए खुद के सीने पर गोली खा लेती हैं। 

बस इसी सीन की वजह से सालों तक रेनू आर्या को सलमान के लिए गोली खाने वाली लड़की के तौर पर जाना गया। हालांकि बाद में फिर वो गमुनामी के अंधेरों में कहीं खो गई और कुछ बरस तलाशने के बाद लोगों ने भी रेनू आर्या को भुला दिया। किस्सा टीवी आज आपको उसी रेनू आर्या की कहानी बताएगा। हम जानेंगे कि रेनू आर्या अब कहां हैं और क्या करती हैं। तो फटाफट शुरू करते हैं रेनू आर्या की कहानी। 

रेनू आर्या की शुरूआती ज़िंदगी 

रेनू आर्या की पर्सनल डिटेल तो इंटरनेट पर बहुत ज़्यादा अवेलेबल नहीं है इसलिए ये कह पाना मुश्किल है कि रेनू आर्या का जन्म कब और कहां हुआ और उनकी शुरूआती जिंदगी कैसी रही। ये भी बता पाना मुश्किल है कि फिल्मों में रेनू आर्या का आना आखिर कैसे हुआ। चूंकि जिस दौर में रेनू आर्या ने फिल्म जगत में कदम रखा था उस वक्त ना तो इंटरनेट था और ना ही आज की तरह उस दौर में पापराजी कल्चर इतना ज़्यादा फैला हुआ था। दुर्भाग्यवश रेनू आर्या उन ऊंचाईयों पर भी कभी नहीं पहुंच पाई कि उनके बारे में उस दौर का मीडिया बहुत ज़्यादा लिखता या दिखाता।

इन फिल्मों में भी नज़र आई थी रेनू आर्या 

"बीवी हो तो ऐसी" में सलमान के साथ रेनू आर्या ने भी पहली दफा सिल्वर स्क्रीन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। छोटे से रोल के लिए ही सही लेकिन रेनू आर्या ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा ज़रूर था। उस फिल्म के बाद रेनू आर्या ने कुछ और फिल्मों में भी काम किया। इत्तेफाक से ये सभी फिल्में बड़े बजट की फिल्में थी। जैसे कि बंजारन, चांदनी, जंगबाज़, घराना व सिंदूर और बंदूक। लेकिन इनमें से किसी भी फिल्म में रेनू आर्या को लीड एक्ट्रेस का रोल नहीं मिला। रेनू सपोर्टिंग एक्ट्रेस के रोल निभाती हुई नज़र आई।

और गायब हो गई रेनू आर्या 

मनचाहा काम ना मिलने से रेनू फिल्म इंडस्ट्री से काफी डिसअपोइंट हुई और आखिरकार उन्होंने खुद को फिल्म और फिल्म इंडस्ट्री से दूर कर लिया। रेनू आर्या पूरी तरह से गायब हो गई। उनके बारे में कहीं से कोई खबर नहीं आ रही थी। वो कुछ लोग जिन्होंने रेनू आर्या के काम को पसंद किया था उनके मन में सवाल उठना शुरू हो गया कि आखिर रेनू आर्या कहां चली गई। कुछ दिनों तक लोगों के बीच में रेनू आर्या की चर्चा हुई। लेकिन जब उनके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई तो लोगों ने भी उन्हें भुला दिया।

अब नोएडा में रहती हैं रेनू आर्या

लेकिन कई सालों बाद। यानि लगभग 28 साल के बाद रेनू आर्या के बारे में कुछ मीडिया ग्रुप्स ने जानकारी ढूंढकर निकाली हैं। और आखिरकार पता चल पाया कि रेनू आर्या इन दिनों नोएडा में रहती हैं और अब वो रेनू आर्या से रेनू सिंह बन चुकी हैं। जी हां, उन्होंने नोएडा के एक निवासी से शादी कर ली है। उनके पति नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। रेनू पिछले कई सालों से नोएडा में ही रह रही हैं और इतने वक्त में उनका लुक और उनका लाइफस्टाइल पूरी तरह से बदल चुका है।

बेटी भी करती है गुरूग्राम में नौकरी

रेनू की दो बेटियां भी हैं और उनकी बेटियां अब काफी बड़ी भी हो चुकी हैं। उनकी एक बेटी तो गुरूग्राम की एक मार्केटिंग कंपनी में नौकरी भी करती हैं। रेनू की बेटियों के नाम सलोनी और दिया हैं। यानि फिल्मी चकाचौंध से दूर रेनू आर्या अब एक पारिवारिक ज़िंदगी बिता रही हैं। यहां आपको ये बताना भी बेहद ज़रूरी है कि सलमान खान को भी नहीं पता था कि उनकी पहली हीरोइन रेनू आर्या कहां गायब हो गई हैं। एक इंटरव्यू में खुद सलमान खान ने बताया था कि वो नहीं जानते कि रेनू कहां चली गई। एक दफा एक फ्लाइट में उनकी मुलाकात रेनू से हुई थी। रेनू खुद चलकर उनके पास आई थी। लेकिन शुरू में सलमान पहचान भी नहीं पाए थे कि उनसे मिलने आई ये महिला उनकी पहली हिरोइन है।

रेनू आर्या को सैल्यूट

तो साथियों अगर आपके ज़ेहन में भी रेनू आर्या को लेकर कभी कोई सवाल उठा होगा तो हमें उम्मीद है कि आपको अपना जवाब हमारे इस आर्टिकल में मिल ही गया होगा। छोटे से वक्त के लिए ही सही लेकिन रेनू आर्या ने फिल्म इंडस्ट्री में कुछ छोटे मगर बढ़िया रोल निभाए हैं। किस्सा टीवी रेनू आर्या और उनके परिवार की खुशियों के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है। और फिल्म इंडस्ट्री को उनके छोटे से योगदान के लिए उन्हें सैल्यूट भी करता है। जय हिंद। #renuarya #SalmanKhan #BiwiHoToAisi

Post a Comment

0 Comments

Ad Code