जीवन का उद्देश्य

दुःखजन्मप्रवृत्तिदोषमिथ्याज्ञानानामुत्तरोत्तरापाये तदनन्तरापायादपवर्गः II1/1/2 न्यायदर्शन अर्थ : तत्वज्ञान से मिथ्या ज्ञान का नाश हो जाता है और मिथ्या ज्ञान के नाश से राग द्वेषादि दोषों का नाश हो जाता है, दोषों के नाश से प्रवृत्ति का नाश हो जाता है। प्रवृत्ति के नाश होने से कर्म बन्द हो जाते हैं। कर्म के न होने से प्रारम्भ का बनना बन्द हो जाता है, प्रारम्भ के न होने से जन्म-मरण नहीं होते और जन्म मरण ही न हुए तो दुःख-सुख किस प्रकार हो सकता है। क्योंकि दुःख तब ही तक रह सकता है जब तक मन है। और मन में जब तक राग-द्वेष रहते हैं तब तक ही सम्पूर्ण काम चलते रहते हैं। क्योंकि जिन अवस्थाओं में मन हीन विद्यमान हो उनमें दुःख सुख हो ही नहीं सकते । क्योंकि दुःख के रहने का स्थान मन है। मन जिस वस्तु को आत्मा के अनुकूल समझता है उसके प्राप्त करने की इच्छा करता है। इसी का नाम राग है। यदि वह जिस वस्तु से प्यार करता है यदि मिल जाती है तो वह सुख मानता है। यदि नहीं मिलती तो दुःख मानता है। जिस वस्तु की मन इच्छा करता है उसके प्राप्त करने के लिए दो प्रकार के कर्म होते हैं। या तो हिंसा व चोरी करता है या दूसरों का उपकार व दान आदि सुकर्म करता है। सुकर्म का फल सुख और दुष्कर्मों का फल दुःख होता है परन्तु जब तक दुःख सुख दोनों का भोग न हो तब तक मनुष्य शरीर नहीं मिल सकता !

कुल पेज दृश्य

About Us

About Us
Gyan Vigyan Brhamgyan (GVB the university of veda)

यह ब्लॉग खोजें

MK PANDEY PRESIDNT OF GVB

MK PANDEY PRESIDNT OF GVB

Contribute

Contribute
We are working for give knowledge, science, spiritulity, to everyone.

Ad Code

परम ज्ञान



परम ज्ञान

From Chandogya Upanishad, 7.1-26

एक बार नारद सनतकुमार ऋषि के पास गये और उन्होंने ऋषि सनतकुमार से ज्ञान का मार्ग दिखाने तथा परम सत्य की शिक्षा देने का अनुरोध किया।

सनतकुमार ने नारद से कहा, “पहले मुझे यह बताइये कि आप कितना जानते हैं तब मैं उससे परे के ज्ञान की शिक्षा दूंगा।”

तब नारद ने विनम्रता के साथ कहा, ‘‘मुझे चारों वेदों तथा महाकाव्यों का ज्ञान है। मैंने व्याकरण, कर्मकाण्ड, गणित, खगोल विज्ञान, दर्शन, मनोविज्ञान, ललित कलाओं तथा अन्य अनेक धार्मिक विषयों का अध्ययन किया है। परन्तु इन सब में से कोई भी ज्ञान आत्मज्ञान का सहायक नहीं है। मैंने आप जैसे गुरुओं से सुना है कि जो आत्मा की सिद्धि कर लेता है वह दुःख से परे चला जाता है। मैं शोक में डूब गया हूँ। कृपया मुझे इससे मुक्त होने का ज्ञान दीजिये।”

नारद तथा सनतकुमार के बीच एक लम्बी वार्ता हुई जिसमें सनतकुमार ने बताया कि जो कुछ नारद जानते हैं वह नाम मात्र है। उससे परे जाने के लिए यह जानना आवश्यक है कि नाम से महत्तर क्या है। तब वे रहस्योद्घाटन करते हैं कि वाक् नाम से महत्तर है, मन वाक् से महत्तर है, संकल्प मन से महत्तर है, चेतना संकल्प से महत्तर है, ध्यान चेतना से महत्तर है, बोध ध्यान से महत्तर है, शक्ति बोध से महत्तर है, अन्न शक्ति से महत्तर है, जल अन्न से महत्तर है, प्रकाश या ताप जल से महत्तर है, आकाश प्रकाश से महत्तर है तथा आत्मा आकाश से महत्तर तथा अन्य प्रत्येक वस्तु का तत्त्व है। मनुष्य सर्वदा अपने कर्मों से प्राप्त आनन्द के कारण कुछ करने के लिए विवश रहता है। कोई भी व्यक्ति तब तक कुछ नहीं करता जब तक वह किसी प्रकार के आनन्द से प्रेरित नहीं होता। परन्तु केवल अनन्त ही स्थायी आनन्द का स्रोत है क्योंकि यह अपरिवर्तनशील है। इसलिए व्यक्ति को अनन्त का ज्ञान प्राप्त करना चाहिए।

सनतकुमार अब नारद को अनन्त की प्रकृति की शिक्षा देते हैं- ‘‘जब मनुष्य जीवन की अविभाज्य एकता को सिद्ध कर कर लेता है तब फिर कुछ अन्य वस्तु नहीं देखता, कुछ अन्य वस्तु नहीं सुनता, कुछ अन्य वस्तु नहीं जानता। उसे ही अनन्त कहते हैं। अनन्त मृत्यु से परे है किन्तु सान्त मृत्यु से बच नहीं सकता।

यहाँ पर नारद एक प्रश्न करते हैं, ‘‘अनन्त किस वस्तु पर निर्भर करता है, हे आदरणीय महोदय ?”

इसका उत्तर देते हुए सनतकुमार ने कहा, ‘‘प्रिय नारद, अनन्त अपनी ही महिमा पर निर्भर है, अन्य किसी पर भी नहीं। विश्व में लोग समझते है कि वे गौओं, अश्वों, हाथियों, स्वर्ण, परिवार, सेवकों तथा भवनों के द्वारा महिमा अर्जित कर सकते हैं। परन्तु मैं उसे महिमा नहीं कहता, क्योंकि यहाँ एक वस्तु दूसरी वस्तु पर निर्भर करती है। परन्तु अनन्त नितान्त स्वतन्त्र है। अनन्त ऊपर है, नीचे है, पहले है, पश्चात है, दक्षिण है, वाम है। मैं यह सब हूँ। आत्मा ऊपर है, और नीचे भी, पूर्व और पश्चात भी, दक्षिण और वाम भी। मैं यह सब हूँ। जो आत्मा पर ध्यान करता है और आत्मज्ञान को सिद्ध कर लेता है, वह सर्वत्र आत्मा को देखता है तथा आत्मा आनन्द का अनुभव करती है। ऐसा व्यक्ति मुक्त अनुभव करता है और जहाँ भी जाता है निश्चिंत अनुभव करता है। उसे पता चलता है कि ब्रह्माण्ड की प्रत्येक वस्तु – ऊर्जा और अन्तरिक्ष, अग्नि और जल, नाम और रूप, जन्म व मरण, मन तथा संकल्प, वाणी और कर्म, मन्त्र तथा ध्यान- सब कुछ आत्मा से ही आते हैं। वह जन्म–मृत्यु के चक्र से तथा विरह और शोक के पार चला जाता है। लेकिन वे जो नाशवान वस्तुओं के पीछे भागते हैं आत्मा को देख नहीं सकते और बन्धन में पडे रहते हैं। इसलिए हे नारद, इन्द्रियों को वश में रख और मन को शुद्ध बना। शुद्ध मन में आत्मा की चेतना निरन्तर बनी रहती है। वहाँ मुक्ति बन्धन को काट देती है तथा आनन्द शोक को नष्ट कर देता है।

इस प्रकार मुनि सनतकुमार ने शुद्ध हृदय नारद को बन्धन के उस पार, शोक तथा अन्धकार से परे आत्मा के प्रकाश में जाने की शिक्षा दी।

(छान्दोग्य उपनिषद् 7.1-26)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ